![]() |
| डॉक्टर प्रमोद कुमार सिंह |
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। देश में बेतहाशा बढ़ती मंहगाई, दस दिनों के भीतर तीन बार डीजल पेट्रोल की मूल्य वृद्धि ने नरेंद्र मोदी सरकार की विफल नीतियों की पोल खुल गई है। उक्त बातें कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष डा प्रमोद कुमार सिंह ने सोमवार को स्थानीय पत्रकारों एवं प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि गैस एजेंसियों पर रोज लगने वाली सैकड़ों लोगों की लम्बी कतारों ने सरकार की दुर्व्यवस्था को दर्शाती है, कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी वृद्धि से गरीबों की थाली से निवाला छीन रही है।
डा प्रमोद कुमार सिंह ने आगे कहा कि जब वैश्विक स्तर पर क्रूड आयल सस्ता था तब भी मोदी सरकार जनता को सस्ते दर पर डीज़ल पेट्रोल उपलब्ध नहीं कराया, आज रोजाना एक हजार करोड़ रुपए पेट्रोलियम पदार्थों पर टैक्स वसूलने के बावजूद भी डीजल पेट्रोल की कीमतों में रोजाना बढ़ोतरी करके जनता को लूटा जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर बोलते हुए कहा कि भारत की विदेश नीति अमेरिका तय कर रहा है,रुस से तेल खरीदने पर अमेरिका से अनुमति लेकर मोदी सरकार ने भारत की संप्रभुता को खतरे में डाल दिया है। नीट पेपर लीक पर विचार रखते हुए डा. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है, दस वर्षों के भीतर लगभग अस्सी परिक्षाओं के पेपर लीक हो गये, प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण खत्म हो गया है, सत्ता में बैठे लोग पेपर लीक का हिस्सा बन रहे हैं, इससे देश के युवाओं में भारी हताशा और आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस नेता ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में मंहगाई की दंश झेल रही जनता और बेरोजगारी की मार झेलने वाले युवा वर्ग भाजपा को देश से उखाड़ फेंकेंगे।


