रामपुर, जौनपुर। जौनपुर जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनुआ में एक 18 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव से लगभग 200 मीटर दूर स्थित एक सुनसान कुएं में उतराया हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार धनुआ गांव निवासी राधेश्याम सरोज की 18 वर्षीय पुत्री निधि सरोज बीते 22 मई शुक्रवार की सुबह लगभग 5 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवती का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने रामपुर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी।
बताया जाता है कि रविवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव से लगभग 200 मीटर दूर एक सुनसान स्थान पर स्थित पुराने कुएं में युवती का शव उतराया हुआ दिखाई दिया। शव दिखाई देने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना रामपुर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवती का शव मिलने की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ लोग घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।


