जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के उसरा बाजार पावर हाउस के पास रविवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने बाइक सवार दो मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-731 हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
मृतक की पहचान पट्टी दयाल गांव निवासी चंचल उर्फ पट्टू के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल विनोद उर्फ नारद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो UP 65 CE 4855 वाराणसी की तरफ जा रही थी की अनियंत्रित होकर बाइक सवार मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा स्कॉर्पियो चालक की तलाश शुरू कर दी है।



