![]() |
| मृतक प्रेमी-प्रेमिका |
जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के कुसियाबहार गांव में सोमवार को शादी की जिद पर जहरीला पदार्थ खाने वाले प्रेमी युगल की उपचार के दौरान मौत हो गई। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जहां मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया, वहीं दूसरी ओर बगैर पोस्टमार्टम कराए ही मृतक का दाह संस्कार कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
जानकारी के अनुसार कुसियाबहार गांव निवासी उन्नीस वर्षीय संध्या पुत्री रामभवन के घर पर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मझलीपट्टी गांव निवासी प्रेमी सूरज पुत्र घूरेराम पहुंचा और शादी की बात करने लगा। परिजनों के विरोध के बाद मामला बिगड़ता देख दोनों ने एक साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर दोनों को एंबुलेंस से स्थानीय सीएचसी लाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में सोमवार देर शाम संध्या की मौत हो गई। वहीं वाराणसी रेफर किए गए सूरज ने भी देर रात दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची सरपतहा पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दूसरी ओर मृतक प्रेमी के परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसका दाह संस्कार कर दिया। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष कमल किशोर राय ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने पर मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लेकिन मृतक युवक के विषय में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई।सूचना मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

