जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिपाह मोहल्ला निवासी संतोष राय पर एक दुकानदार ने मारपीट कर कई थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है, जिसका वीडियो वायरल है। वीडियो में सूदखोर ब्याज ना मिलने पर दुकानदार को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। पीड़ित के अनुसार मामला कथित तौर पर सूदखोरी से जुड़े लेनदेन के विवाद का है।
पीड़ित दुकानदार की रेडीमेड कपड़ों की दुकान ओलंदगंज क्षेत्र में स्थित है। आरोप है कि विवाद के दौरान संतोष राय ने दुकानदार के साथ मारपीट करते हुए कई थप्पड़ जड़ दिए। घटना के बाद पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
दुकानदार ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि जनपद में सूदखोरों का मकड़ जाल बड़े पैमाने पर फैला हुआ है। सूदखोरों से कई लोग तंग आ चुके हैं।
