Type Here to Get Search Results !

मृत दंपति मामले में पत्नी के बाद पति का भी शव बरामद

मृतक फाइल फोटो

Jaunpur 

खुटहन क्षेत्र के विशुनपुर ग्रामसभा स्थित मलूकपुर गांव में खेत की सिंचाई करते समय फसल सुरक्षा हेतु विद्युत करेंट प्रवाहित नंगे तार के बाढ़ की चपेट में आकर मृत दंपति के मामले में घटना के दशवें दिन पुलिस ने पति का भी शव सरपतहा क्षेत्र के अढ़नपुर तिवारी बस्ती के पास शारदा सहायक नहर से बरामद कर लिया है। पत्नी का नौवें दिन शव की बरामदगी के चौबीस घंटे के भीतर पुलिस ने पति का भी शव बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पीएम हेतु भेज दिया गया। घटना में पुलिस ने बगल के चार चकदारों के खिलाफ अपहरण और हत्या का केस दर्ज कर एक आरोपी को जेल भी भेज दिया है। लेकिन शव बरामद करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। 

गांव निवासी 58 वर्षीय रामचरित्तर गौतम अपनी 56 वर्षीया पत्नी किस्मत्ती देवी के साथ गत 5 जनवरी को घर से लगभग चार सौ मीटर दूर खेत में सिंचाई करने गए थे। जहां से दंपति गायब हो गये। घटना की छानबीन पुलिस कर रही थी। तभी उन्हें जानकारी हुई कि बगल गांव अकबर पुर निवासी पूर्व प्रधान कमलेश सिंह व उनके भाइयों का दंपत्ति जिस खेत कि सिंचाई कर रहे थे उसी से सटा उक्त आरोपियों का भी खेत हैं। जिसकी सुरक्षा हेतु नंगे तार की बाढ़ घेर उसमें विद्युत करेंट प्रवाहित किया गया था। उधर गायब दंपति की पुत्री सरिता ने भी थाने में तहरीर देकर ऐसा ही आरोप लगाया था। पुलिस सक्रिय होकर उनकी  तलाश शुरू कर दिया। 7 जनवरी को आरोपी पूर्व प्रधान कमलेश सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने स्वीकार किया उस दिन रविवार की सुबह तार में प्रवाहित करेंट से दंपति के मौत की जानकारी होते ही हमारे हाथ पांव फूल गए। हम अपने भाई अखिलेश संग भागते हुए मौके पर पहुंचे। कानून के भय से साक्ष्य छुपाने के लिए दोनों शव‌ को वाहन में लाद सरपतहा थाना क्षेत्र के बासूपुर गांव की नहर में फेंक दिया था। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें चलान‌ न्यायालय भेज दिया गया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस लगातार शवों की तलाश कर रही थी। नहर का पानी भी रोक दिया गया था। सोमवार को वहां से लगभग दो किमी दूर शेखाईं गांव में नहर से पत्नी किस्मत्ती देवी का शव बरामद किया गया था। चौबीस घंटे के भीतर मंगलवार को पुलिस ने नहर से पति राचरित्तर का भी शव बरामद कर लिया।

Tags