जौनपुर। थाना लाइन बाजार पुलिस ने किन्नरों के वाहन चालक की गत दो जनवरी को गोली मारकर हुई हत्या का खुलासा कर दिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने गश्त के दौरान काले रंग की बिना नंबर की मोटर साइकिल पर सवार तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से दो अदद पिस्टल, 5 जिन्दा कारतूस भी बरामद किया। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने किन्नरों की गाड़ी चलाने वाले गोपाल विश्वकर्मा पु़त्र अमरदेव निवासी गुरू गोविंद सिंह नगर थाना जियनपुर जनपद आजमगढ़ की हत्या में सम्मिलित होना स्वीकार किया। गिरफ्तार लोगों में विनोद कुमार बिंद पुत्र श्यामलाल बिंद निवासी ग्राम फूलपुर थाना लाइन बाजार, अंकित कन्नौजिया पुत्र दशरथ निवासी इमामपुर थाना खुटहन जनपद जौनपुर तथा प्रदीप बिंद पुत्र सोमारू बिंद निवासी चिकसावां थाना बरदह जनपद आजमगढ़ सम्मिलित है। पुलिस ने इन सभी का हत्या, अवैध शस्त्र अधिनियम की धाराओं में चालान कर दिया।
