👉कमर में फंसी है गोली,वाराणसी में इलाज जारी
खुटहन, जौनपुर। पटैला मार्ग पर तबेला मैदान के पास सेंवई नाला पुल पर मंगलवार की सुबह लगभग दस बजे खुटहन मंडी में सब्जी बेचकर वापस घर लौट रहे साईकिल सवार युवक को निशाना कर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने फायर झोंक दिया। गोली उसकी कमर में लगने से वह घायल होकर सड़क पर गिर गया। बदमाश अपनी बाइक से पटैला बाजार की तरफ भाग गए।मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दिया। घायल को उपचार हेतु सीएससी लाया गया। जहां देखते ही चिकित्सकों ने उसे वाराणसी भेज दिया। घायल के चाचा ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है।
मूल रूप से ख्वाजा पुर गांव निवासी मुन्नीलाल मौर्या बीते लगभग छह वर्षों से रसूलपुर गांव में आवास बनाकर रह रहे हैं। वे सूरत शहर में कपड़े की मील में काम करते हैं। घर पर उनकी पत्नी लालपरी पुत्र सचिन व सौरभ रहकर पढ़ाई के साथ–साथ खेतीबाड़ी करते हैं। सचिन स्नातक के बाद आईटीआई कर रहा है। वह खेत में सब्जियां उगाकर उसे मंडी में बेच फीस किताब के पैसे का जुगाड़ कर लेता है।
मंगलवार को सचिन खेत से चुकंदर उखाड़कर उसे बेचने साइकिल से खुटहन सब्जी मंडी आया था। जहां से सुबह लगभग दस बजे घर जा रहा था। उक्त नाले के पुल के बीचोबीच ज्यों पहुंचा तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। वह कुछ समझ पाता कि तभी बाइक पर पीछे बैठा बदमाश तमंचा निकाल उस पर फायर झोंक दिया। गोली सचिन की कमर में लगी। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश पटैला की तरफ भाग गए। घटनास्थल पर पहुंचे राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। एसपी सिटी अरविंद कुमार और सीओ शाहगंज अजीत सिंह चौहान घटनास्थल पर पहुंच निरीक्षण के बाद घायल के घर जाकर परिजनों से पूछताछ किए। घायल के चाचा मुन्नीलाल मौर्या ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। छानबीन के साथ–साथ सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। बहुत जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
