![]() |
गोली लगने से जख्मी बालक |
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियवा गांव में आम के बगीचे में गए दलित मासूम को सवर्ण वर्ग के युवक ने गोली मार दिया है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि परियवा में स्थित दलित बस्ती निवासी राजेंद्र कुमार गौतम का 10 वर्षीय पुत्र दीपक गौतम अपने एक साथी के साथ शुक्रवार शाम लगभग 4:00 बजे आम के बगीचे में आम बिनने गया हुआ था। उसी समय बगीचे में मौजूद रहे सवर्ण जाति के व्यक्ति ने लक्ष्य कर इसे गोली मार दिया। गोली 10 वर्षीय बच्चे के दाहिने पैर में लग गई। गोली पैर में लगते ही मासूम बच्चा दहशत में आकर वहीं गिर पड़ा। ऐसी स्थिति में उसके साथ रहा लड़का उसे उठाकर घर ले आया और परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों द्वारा घटना की जानकारी 112 पुलिस को दी गई। घायल बालक को 108 एम्बुलेंस जिला अस्पताल लाया गया है। चिकित्सक द्वारा चोट को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चिड़िया मारने वाली बंदूक से उसे मारा गया है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस थाना लाइन बाजार से फोन करके पूछा गया तो पुलिस ने भी चिड़िया मारने वाली बंदूक से गोली लगने की बात को स्वीकार किया है।