गौरा बादशाहपुर/जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर अवैध गैस सिलेंडरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम साही द्वारा गठित टीम ने गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर रेलवे फाटक स्थित मौर्य जलपान गृह पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सिलेंडर बरामद किए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी जौनपुर संतोष विक्रम साही के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) योगेंद्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जय प्रकाश पांडेय, सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मापुर अर्चना सिंह, सप्लाई इंस्पेक्टर सदर आशुतोष त्रिपाठी, सप्लाई इंस्पेक्टर योगेंद्र यादव की संयुक्त टीम ने गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस के साथ सोमवार को सुबह 9 बजे गोपालापुर गांव स्थित केशवपुर रेलवे फाटक के पास केशव प्रसाद मौर्य जलपान गृह पर दबिश दी गयी।
छापेमारी के दौरान दुकान के पीछे और रेलवे लाइन से महज 10 मीटर की दूरी पर अवैध गैस सिलेंडरों का बड़ा भंडारण मिला। टीम ने मौके से 16 भरे हुए और 37 खाली गैस सिलेंडर, कुल 53 गैस सिलेंडर बरामद किए। दो घंटे तक चली छापेमारी में सिलेंडर का जखीरा बरामद हुआ। छापेमारी के दौरान दुकानदार इन 53 अवैध गैस सिलेंडरों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। रेलवे पटरी के इतने करीब सिलेंडरों का भंडारण होने से सुरक्षा व्यवस्था में भी भारी लापरवाही सामने आई है। लगभग दो घंटे तक चली इस कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मापुर अर्चना सिंह ने बताया कि सभी अवैध सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया गया है और दुकानदार के विरुद्ध थाने पर तहरीर देते हुए विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



