Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, चोरी के जेवर व नकदी बरामद

 गौराबादशाहपुर, जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गौराबादशाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को पुलिस टीम ने पिलखिनी पुलिया के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के जेवर, घड़ी और नकदी बरामद की है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सचिन कुमार उर्फ चंदन निवासी अमरा और शनि पाल निवासी लुरखुरी के रूप में हुई है। 

पुलिस के अनुसार, बीती 19 मार्च को कुण्डी गांव निवासी राजेंद्र प्रजापति ने घर में घुसकर गहने, नकदी और बर्तन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अलावा 12 मार्च को चोरसण्ड निवासी नीरज विश्वकर्मा के घर से भी महिलाओं के गहने चोरी हुए थे। इन मामलों की जांच में जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। 

तलाशी के दौरान इनके पास से दो पीली धातु की अंगूठी, नौ बिछुआ, एक जोड़ी पायल, एक करधन, एक एचएमटी घड़ी और 16,200 रुपये नकद बरामद हुए। अभियुक्त सचिन कुमार उर्फ चंदन एक शातिर अपराधी है, जिस पर जौनपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी व आर्म्स एक्ट के 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शनि पाल पर भी गौराबादशाहपुर और जफराबाद थाने में चार मामले पंजीकृत हैं। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।

Tags