Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : बेटे ने पेंशनर मां को बुरी तरह पीटा, इलाज के दौरान मौत

वारदात के बाद जांच करती पुलिस

केराकत (जौनपुर)। कस्बे के शेखजादा मोहल्ला में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल वृद्धा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हमले में भाभी शालिनी सिंह और भतीजी वार्तिका सिंह भी घायल हो गईं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शेखजादा मोहल्ला निवासी करीब 80 वर्षीय शीला सिंह राजकीय कन्या पाठशाला में प्रवक्ता रह चुकी थीं। उनके पति स्वर्गीय वीरेन्द्र सिंह भी केराकत स्थित एक पब्लिक इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे, जिनका करीब छह माह पूर्व निधन हो चुका था। परिवार में चार पुत्र हैं, जिनमें पप्पू और भोलू (उर्फ संदीप) मां के साथ रहते थे, जबकि मुन्ना और गोलू बाहर रहते हैं।

बताया जाता है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे किसी बात को लेकर भोलू उर्फ संदीप को गुस्सा आ गया और उसने डंडे तथा लात-घूंसों से मां की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची भाभी शालिनी सिंह और भतीजी वार्तिका सिंह भी हमले में घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों व स्थानीय लोगों ने घायल वृद्धा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक व प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार पाण्डेय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है।

Tags