बदलापुर, जौनपुर। बदलापुर नगर पंचायत के मनोनीत सभासदों को विद्यावती रिसार्ट में आयोजित नारी वंदन समारोह कार्यक्रम के बीच एसडीएम डॉ योगिता सिंह ने शनिवार को विधायक रमेश चंद्र मिश्र एवं अध्यक्ष सीमा सिंह की मौजूदगी में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभासदों को नगर पंचायत के विकास और वार्डों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शपथ ग्रहण करनें के बाद मनोनीत सभासद लोकप्रिय भजन गायिका सपना शर्मा , हरी लाल मोदनवाल तथा चन्द्र शेखर मुन्ना निगम ने पदभार ग्रहण करते हुए संवैधानिक कर्तव्य का पालन करने, वार्डों के विकास में सहयोग करने और सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने का संकल्प लिया। विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि मनोनीत सभासद निर्वाचित सदस्यों के बराबर ही अधिकार रखते हैं।
नगर के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं, और सरकार की योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन में उनका बड़ा योगदान रहता है। नगर पंचायत की अध्यक्ष सीमा सिंह ने मनोनीत सभासदों के कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन सब को शुभकामना देते हुए उनके दायित्व का बोध कराया। कहा कि आप सब कामुख्य उद्देश्य अपने वार्ड के निवासियों की समस्याओं का समाधान करना और शहरी स्थानीय निकायों में 'स्वशासन' को मजबूत करना है। समारोह का संचालन लोकप्रिय शिक्षिका डॉक्टर यामिनी सिंह ने किया।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति, विधायक रमेश चंद्र मिश्र, अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रतिनिधि वैभव सिंह, पवन पाण्डेय, पवन उपाध्याय, ममता गिरी, निशा वर्मा, सरिता यादव, रीता देवी तथा नीलम द्विवेदी आदि लोग मौजूद थे।



