Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : चार अंतरजपदीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, तीन के पैर में लगी गोली

जौनपुर। चार थानों की पुलिस ने रविवार की भोर में अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान चार अंतरजनपदीय असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से तीन के पैर में गोली लगी। इनके पास से दो बाइक, पिस्टल, 315 बोर के दो तमंचे, खोखा, कारतूस व नकद 2.55 लाख रुपये बरामद हुए हैं। आरोपितों के विरुद्ध जौनपुर व अन्य जिलों में विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

 एक अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गया। सरायख्वाजा थाना प्रभारी अमरेंद्र पांडेय व बक्शा थाना प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह मिले सुराग पर हमराहियों के साथ छबीलेपुर-छुंछा गांवों के संपर्क मार्ग पर भोर में छुंछा पुलिया के पास घेराबंदी कर ली। लगभग चार बजे छुंछा की ओर से तीन बाइक पर सवार पांच संदिग्ध युवक आते दिखे। 

रुकने का संकेत देने पर बदमाश जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे दोनों थाना प्रभारियों ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। एक बाइक पर सवार दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गए। दूसरी बाइक पर सवार तीन अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। गिरफ्तार बदमाशों में से सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के खानपुर गांव के गुडलक तिवारी के दाहिने पैर जबकि आहोपुर गांव के शशांक सिंह उर्फ साहिल के बाएं पैर में गोली लगी है।

उधर, तेजी बाजार व बदलापुर थानों की संयुक्त टीम ने वायरलेस सेट से मिली सूचना पर छुंछा से भाग निकले तीनों बदमाशों को कलिंजरा पुलिया के पास लगभग 4.30 बजे घेर लिया। बदमाशों के गोली चलाने पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। तेजी बाजार थाना के सरौली गांव का राहुल यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई।

पीछा करने पर उसका एक साथी सरायख्वाजा के करसावां गांव का विपिन पाल कुछ ही दूरी पर गिर जाने से घायल हो गया। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीसरा तेजी बाजार के भटौली गांव का अतुल सिंह भागने में सफल हो गया। राहुल यादव के पास से 32 बोर की पिस्टल, कारतूस व दो खोखे जबकि विपिन पाल के पास से 1.30 लाख रुपये मिले। गिरफ्तार चारों आरोपितों को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर चालान कर दिया।

बदलापुर कोतवाली प्रभारी शेष कुमार शुक्ल, तेजी बाजार थाना प्रभारी सत्येंद्र भाई पटेल, उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, शिव बदन यादव, राम बिहारी, उपनिरीक्षक निखिलेश तिवारी व बृजेश कुमार सिंह सहित अन्य शामिल रहे।

Tags