Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : पोखरे में डूबने से अधेड़ की मौत, परिजन में कोहराम

गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ गांव के पास स्थित एक पोखरे में भैंस का बच्चा नहलाने गए 50 वर्षीय अधेड़ की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भदेवरा गांव निवासी मन्नू यादव (50) पुत्र स्व केदार यादव दोपहर के समय अपनी भैंस के बच्चे को नहलाने के लिए गांव के ही समीप स्थित पोखरे पर गए थे। बताया जा रहा है कि बच्चा गहरे पानी की ओर चला गया, जिसे बचाने या पकड़ने के प्रयास में मन्नू यादव का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गए। पास ही खेल रहे कुछ बच्चों की नजर जब पानी में डूब रहे मन्नू पर पड़ी, तो उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। 

हालांकि, जब तक ग्रामीण वहां पहुँचते और बचाव कार्य शुरू करते, मन्नू यादव गहरे पानी में पूरी तरह डूब चुके थे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाल डालकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। मृतक के तीन बेटियां और दो बेटे है। एक बेटी का विवाह हो चुका है।



Tags