जौनपुर। दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के जौनपुर रायबरेली हाईवे पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सतहरिया चौकी के सामने रात करीब 12 बजे की है, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार डम्फर ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान देवेंद्र सिंह देव 40 वर्ष पुत्र शिव लगन सिंह, निवासी ग्राम सरावां, थाना पवारा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह सरोखनपुर स्थित एक निजी ट्रांसपोर्ट में नौकरी करते थे और रोज की तरह बुधवार की देर रात करीब 12 बजे काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सतहरिया चौकी के सामने तेज रफ्तार डम्फर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक डम्फर समेत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि सतहरिया चौकी इंचार्ज गंगा सागर मिश्रा द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फरार डम्फर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
वहीं बदलापुर क्षेत्र के फ़त्तूपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे के आसपास अर्टिगा कार और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों युवक सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उपचार के बाद बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी होते ही बदलापुर प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचकर बाइक और कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल दोनों युवकों की पहचान बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी सौरभ सिद्धार्थ एवं त्रिदेव गौतम के रूप में हुई है।





