जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत फ़त्तूपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर कार नं UP 65 FA 5159 खाई में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक राहगीरों की मदद से तत्काल एम्बुलेंस को सूचना देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने वाराणसी जनपद के सरैया गांव निवासी सिराजुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। जबकि कार में सवार दो लोग मोहसिन एवं फैजान की गंभीर हालत देखते हुए बेहतर उपचार हेतु जौनपुर रेफर कर दिया। वही घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बदलापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही में जुटी हुई है। उधर घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
इसी तरह केराकत कोतवाली क्षेत्र के कुसरना गांव में दो टैम्पो की भिड़ंत में मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना बुधवार दिन की है। इसी थाना क्षेत्र के ग्राम बकुलिया निवासी सचिन कुमार की पत्नी अपने एक माह के बच्चे को लेकर एक टैम्पो से जा रही थी कि उसी समय सामने से आ रहे दूसरे टैम्पो से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के समय बच्चा मां के हाथों से छूटकर सड़क पर जा गिरा।
सड़क पर गिरने से वह घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




