👉सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। देर रात घर में सो रही बच्ची के कपड़े उतारने के दौरान जब आरोपी का हाथ बच्ची की मां से टकरा गया और उनकी नींद खुल गई। मां के शोर मचाते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात चार वर्षीय बच्ची अपनी मां के साथ घर में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस का एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर घर में घुस आया और बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास करते हुए उसके कपड़े उतारने लगा। इसी बीच आरोपी का हाथ बच्ची की मां से टकरा गया, जिससे उनकी नींद खुल गई। मां के शोर मचाते ही आरोपी मौके से भाग निकला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान आरोपी के भाई को हिरासत में लिया गया। इसके बाद बुधवार सुबह आरोपी स्वयं थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के पिता दिलशाद की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मासूम का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
