Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : माँ और प्रकृति के सम्मान में हुआ पौधारोपण, बाल प्रेरक समूह ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

सिंगरामऊ, जौनपुर। ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति, सिंगरामऊ के तत्वावधान में संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” पौधारोपण महाअभियान के अंतर्गत संस्था के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं एवं बाल प्रेरक समूह के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा उत्साह पूर्वक पौधारोपण कार्यक्रम  किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर  संस्था की प्रबंधक डा.अंजू सिंह ने कहा कि अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर हम न केवल उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हैं। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 501 पौधे चयनित स्थानों पर लगाने एवं संरक्षित रखने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना प्रमुख महेन्द्र कुमार शुक्ला ने कहा कि माँ और प्रकृति दोनों ही हमारे जीवन का आधार हैं। माँ हमें जन्म देती है, जबकि प्रकृति हमें जीवन के लिए आवश्यक शुद्ध वायु, जल और भोजन उपलब्ध कराती है।

इस अवसर पर संस्थान द्वारा बच्चों के मुद्दों पर गठित बाल प्रेरक समूह के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतिवर्ष एक-एक पौधा लगाने तथा उसकी सुरक्षा और देखभाल करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सौम्या, अंजली, ऊषा, सत्यजीत मौर्य, लालमणि मिश्रा, राजनाथ मौर्या, मणिलाल, अयाश तथा सूफियान सहित अन्य कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

Tags