👉प्रदेशभर के शिक्षक नेताओं की मौजूदगी में शिक्षक सभा के बाद डीएम कार्यालय पर होगा प्रदर्शन व ज्ञापन
जौनपुर। वित्तविहीन शिक्षक महासभा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में चल रही 'शिक्षक अधिकार यात्रा' के तहत प्रदेश के वरिष्ठ शिक्षक नेता बलिया, गाजीपुर और चंदौली होते हुए गुरुवार देर शाम जौनपुर पहुंच गए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 को प्रातः 9:00 बजे श्री जगन्नाथ ज्ञान शिक्षण संस्थान, साहूनगर (गड़ेरिहा), जौनपुर में शिक्षक सभा आयोजित की जाएगी। सभा के उपरांत प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन में दोपहर 12:00 से 1:00 बजे के बीच जिलाधिकारी जौनपुर को वित्तविहीन शिक्षकों की विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके लिए जौनपुर सदर, मड़ियाहूं, मछलीशहर, केराकत एवं शाहगंज क्षेत्र सहित जनपद के सभी वित्तविहीन शिक्षकों से दोपहर 12:30 बजे तक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने का आह्वान किया गया है।
वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश प्रधान महासचिव जियारत हुसैन ने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि अपने अधिकारों और सम्मानजनक भविष्य की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए सभी शिक्षक एक घंटे का समय निकालकर कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों।
उन्होंने कहा कि संगठन के सतत संघर्ष का ही परिणाम है कि 21 जुलाई 2026 से वित्तविहीन शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलना शुरू हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन के निरंतर प्रयासों से जल्द ही सेवा नियमावली (सेवानियमावली) का शासनादेश भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन वित्तविहीन शिक्षकों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा सभी शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी इसकी सफलता के लिए आवश्यक है।



