जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार बाजार में शुक्रवार की रात दुकान का ताला काटकर चोर लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के कपड़े समेट ले गए। पुलिस दुकान का मुआयना करने के बाद दुकान से तहरीर लेकर चोरों की तलाश में जुट गई है।
इसी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी विशाल प्रजापति ने आजीविका चलाने के लिए बाजार में रेलवे क्रासिंग के पास विकास वस्त्रालय एंड रेडीमेड नामक दुकान खोल रखी है। रात में किसी समय चोर लकड़ी के दरवाजे में लगे ताले कटर से काटकर दुकान में घुसे और कीमती साड़ियां, कपड़े व सिले-सिलाए वस्त्र समेट कर चलते बने। शनिवार को विशाल प्रजापति ने दुकान पर पहुंचकर यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन चोरों का कोई पता नहीं चल सका। दुकानदार के अनुसार लगभग तीन लाख रुपये मूल्य की चोरी हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
