Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : बीच रास्ते में रुक जा रहा तारा रजवाहा माइनर का पानी, टेल के किसान बेहाल

गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। धान की रोपाई के अहम समय में तारा रजवाहा माइनर का पानी टेल तक नहीं पहुंचने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। गोविन्दपुर, मनिहां, सरसौडा, रवनिया और पारा गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई इसी माइनर पर निर्भर है। पानी के अभाव में धान की रोपाई प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों में नाराजगी है।

किसानों का कहना है कि शारदा सहायक खंड-36 से निकले तारा रजवाहा माइनर में इस सीजन दो बार पानी छोड़ा गया, लेकिन दोनों बार पानी अंतिम छोर तक नहीं पहुंच सका। उनका आरोप है कि बीच रास्ते में कुछ लोग अवैध रूप से नहर में बांध लगाकर पानी रोक लेते हैं, जिससे टेल क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।

स्थानीय किसान जयप्रकाश दूबे, महेंद्र राम, बंटी राजभर, महेंद्र राजभर, कमलेश राजभर, नगेंद्र राजभर, विनोद राजभर, सलीम, अजीमुल्लाह और सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार विभागीय जूनियर इंजीनियर अवधेश यादव से की गई, लेकिन उन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण नहीं किया। किसानों का आरोप है कि बिना स्थलीय जांच के ही कागजी रिपोर्ट में पानी टेल तक पहुंचने की बात दर्ज कर दी जाती है।

उधर, अधिशाषी अभियंता सुनील गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि संबंधित जेई को तत्काल मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि कहीं अवैध रूप से पानी रोका गया है तो उसे हटवाकर टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।

Tags

Top Post Ad

Below Post Ad