चीफ एडिटर - जेड हुसैन (बाबू)
जौनपुर। नगर के एक होटल में समाज विकास क्रांति पार्टी के पदाधिकारियों की एक बैठक सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह की अध्यक्षता में हुई, इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीसिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा के प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह अपने सामने किसी और ठाकुर को चुनाव मैदान में उतरने नहीं देना चाहते हैं, क्योंकि उनको लगता है कि कोई ठाकुर चुनाव मैदान में उतरेगा तो वो हार जाएंगे।
अशोक सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के लोग और कृपाशंकर सिंह ने षड्यंत्र करके जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह को फ़र्जी तरीके से सजा दिलवाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही जेल में जाकर पूर्व सांसद धनंजय सिंह से मिलेंगे और उनका समर्थन मांगेंगे। गौरतलब हो कि अशोक सिंह समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ जौनपुर लोकसभा से प्रत्याशी भी हैं।
पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्रीसिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी कीमत पर यह लोकसभा चुनाव जीतना चाहती है। ऊपर के बड़े नेताओं का भी यही मानना है कि शाम-दाम-दंड-भेद कैसे भी करके इस बार भी लोकसभा चुनाव, जीतना ही जीतना है, उन्होंने पदाधिकारियों में जोश भरते हुए कहा कि हम किसी भी कीमत पर भाजपा को उनकी मंशा में कामयाब नहीं होने देंगे। हम बूथ-बूथ पर जाएंगे और बूथ स्तर पर लोगों को जागरूक करेंगे साथ ही भाजपा का असली चेहरा सबके सामने लाने का काम करेंगे।
