Jaunpur News दो विधायकों एंव एक राज्यमंत्री के होते हुए भी भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में मुंह की खानी पड़ी। जौनपुर लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह को पांचों विधानसभा क्षेत्रों में सपा प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा के मुकाबले पराजय का सामना करना पड़ा। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा को 105326 भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह को 73638 तथा बसपा प्रत्याशी श्याम सिंह यादव को 33337 मत प्राप्त हुए। यहां सपा प्रत्याशी को 31,688 मतों से जीत मिली। सदर विधानसभा जहां से गिरीशचन्द यादव दो बार से विधायक एंव प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री भी हैं। यहां भी सपा प्रत्याशी को जहां 1,16218 मत तो भाजपा प्रत्याशी को 94,014 एवं बसपा प्रत्याशी को 26556 मत प्राप्त हुए। यहां भाजपा प्रत्याशी को सपा प्रत्याशी के मुकाबले 22,204 मतों से पराजय मिली। मुंगराबादशाहपुर विधानसभा से सपा को 96,013 भाजपा को 80782 तो बसपा को 26665 मत प्राप्त हुए। यहां भाजपा सपा के मुकाबले 15221 मतों से पराजित हुई। बदलापुर विधानसभा जहां दो बार से रमेश मिश्र विधायक हैं यहां सपा को 85,513 भाजपा को 74842 तथा बसपा को 31483 मत मिले। यहंा भाजपा को सपा की अपेक्षा 10671 मत कम मिले। इसी प्रकार शाहगंज विधानसभा में सपा को 100306 तो भाजपा को 85236 तथा बसपा को 38650 मत मिले। यहां भाजपा को सपा की अपेक्षा 15,070 मत कम मिले जबकि यहां भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के विधायक रमेश सिंह हैं।
