नई दिल्ली। दिल्ली को नया सीएम मिल गया है। अब दिल्ली का भविष्य रेखा गुप्ता तय करेंगी। बताते चले कि दिल्ली में बीजेपी सरकार की कमान अब महिला के हाथ में होगी। बीजेपी विधायक दल ने रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दी है। ऐसे में अब रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री होंगी। 27 साल बाद सत्ता में आने वाली बीजेपी ने इस बार महिला चेहरे पर भरोसा जताया है। रेखा गुप्ता कल रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक चुनी गई है। उनको पार्टी के भीतर जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता और संगठनात्मक कौशल के लिए पहचाना जाता है। रेखा अब बीजेपी शासित 21 राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। बीजेपी पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
रेखा का हरियाणा के जींद से कनेक्शन है। वहीं की मूल निवासी गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने मेरठ से कानून की पढ़ाई की है। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी से पुराना नाता रहा है। उत्तरी दिल्ली की मेयर रह चुकी गुप्ता के पास प्रशासनिक अनुभव है। वह बीजेपी की महिला मोर्चा की प्रभावशाली नेता भी रही हैं। वह वर्तमान में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं। आतिशी के बाद एक बार फिर दिल्ली को महिला सीएम मिली है।
