![]() |
पत्रकारों से अपनी व्यथा सुनाती किन्नर प्रिया |
शाहगंज, जौनपुर। प्यार के झूठे वादों और छलावे की एक दर्दनाक कहानी सामने आई है। नगर से सटे बिलारमऊ की रहने वाली प्रिया किन्नर ने एक युवक जिसे वह अपना बताती है। पर धोखाधड़ी, शारीरिक व मानसिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। प्रिया ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है, परंतु उनका कहना है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, अकबरपुर अम्बेडकरनगर के फैज़ाबाद रोड थमसा मार्ग की रहने वाली 21 वर्षीय प्रिया किन्नर साल 2022 में क्षेत्र में एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम करने आई थी।
इसी दौरान प्रिया की मुलाकात बिलारमऊ निवासी एक युवक से हुई थी। मुलाकात जल्द ही दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। युवक ने प्रिया को शादी का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फँसा लिया। कुछ समय बाद दोनों ने सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह भी कर लिया।
प्रिया का आरोप है कि शादी के बाद युवक का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसने प्रिया से लगातार पैसे की मांग शुरू कर दी। प्रिया का कहना है कि उसने अपने पास से करीब तीन लाख रुपये उसे दिए, जो उसने वापस नहीं किए। धीरे-धीरे युवक ने प्रिया से दूरी बना ली और अब उसे अपनी पत्नी मानने से इंकार कर रहा है।
प्रिया बताती हैं कि वह पहले नगर के चिरैया मोड़ क्षेत्र में रहती थीं, लेकिन हाल के विवादों के बाद उन्होंने बिलारमऊ में किराये का मकान ले लिया है, जहाँ अब अकेली रह रही हैं। उनका कहना है कि उन्होंने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत शाहगंज थाने में की है, मगर पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
पीड़िता प्रिया का कहना है कि मैंने सच्चे दिल से उस व्यक्ति से शादी की थी, अब मैं केवल न्याय चाहती हूँ।
सोमवार को प्रिया ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए अनुरोध किया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए ताकि उसे उचित दंड मिल सके और भविष्य में किसी और के साथ इस तरह की घटना न हो।
इस सम्बंध में जानकारी हेतु प्रभारी निरीक्षक किरण कुमार सिंह से दूरभाष पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो कई बार मोबाइल से सीयूजी नम्बर पर फोन किया गया।मगर फोन रिसीव नही हो पाया।