महराजगंज (जौनपुर)। थाना महराजगंज क्षेत्र अंतर्गत रामनगर उपधान (गढ़वार का पूरा) निवासी 85 वर्षीय मुन्नू सिंह की मधुमक्खियों के काटने से इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि इस घटना में दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुन्नू सिंह के घर के सामने गड्ढा व झाड़-झंखाड़ है, जहां एक गूलर का पेड़ खड़ा है। वही मधुमक्खियों ने छत्ता बना रखा था। बीते सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे, बगल गांव गद्दोपुर निवासी गडेरिया रामराज पाल अपने पुत्र संतोष पाल के साथ सैकड़ों भेड़ों को वहीं चरा रहे थे। इसी दौरान भेड़-बकरियों के चारे के लिए रामराज पाल ने गूलर के पेड़ की डाल को एक बड़े लग्गे से काटने का प्रयास किया।
डाल हिलते ही मधुमक्खियों का झुंड उग्र हो गया और रामराज पाल उम्र 72, व उनके पुत्र संतोष पाल उम्र 40 पर अचानक हमला कर दिया। दोनों पिता-पुत्र जान बचाने के लिए भागते हुए मुन्नू सिंह के घर की ओर पहुंचे। इसी दौरान घर के बाहर बैठे मुन्नू सिंह पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
परिजन गंभीर रूप से घायल मुन्नू सिंह को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें जौनपुर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बी.एस. उपाध्याय के यहां ले गए, जहां इलाज के दौरान बीते बुधवार रात उनकी मौत हो गई।
उधर, हमले में घायल रामराज पाल और उनके पुत्र संतोष पाल का इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में भय का माहौल है और यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

