रिपोर्ट : इशरत हुसैन
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के गभीरन बाजार में हाई स्कूल की परीक्षा देकर लौट रहे छात्र को दबंगों ने बेरहमी से पीटा। पुलिस ने दलित उत्पीड़न एक्ट के साथ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र मोमिनपुर मुडैला गांव निवासी अशोक कुमार सोनकर का 16 वर्षी पुत्र सौरभ कुमार सोनकर शुक्रवार दोपहर लगभग 1:00 बजे अपने एक साथी के साथ हाई स्कूल की परीक्षा देकर बाइक से घर वापस लौट रहा था।
जब वह गभीरन बाजार के पास से गुजर रहा था कि इस समय सात आठ की संख्या में दबंगों ने उसे घेर लिया। दबंगों ने घेर कर सरेआम लात मुक्का डंडे से मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। जब दबंग मार कर चले गए तब स्थानीय लोगों ने युवक को उठाया और उसके परिजनों को सूचना दिया। बेरहमी से पीटे गया लड़का जो अचेत पड़ा हुआ था परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। शनिवार सुबह परिवार के लोग उसे लेकर खुटहन थाने पर जाकर हमलावरों के खिलाफ लिखित तहरीर दिया। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ दलित उत्पीड़न एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी तरफ घायल की बिगड़ती हालत देखकर जिला चिकित्सालय के चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी बीएचयू के लिए रेफर कर दिया।


