जौनपुर। दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग पर बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार स्थित यूबीआई बैंक के निकट शनिवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नीतीश यादव (24) पुत्र योगेंद्र, निवासी सेनुरी सरायमीर आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह ठेकमा स्थित एक टेंट हाउस में कर्मचारी था और शुक्रवार सुबह अपनी मौसी के घर ग्राम कुरेथू, थाना गौराबादशाहपुर जौनपुर जाने के लिए निकला था।
ग्रामीणों ने शव के पास चप्पलें रखी देख कई तरह की अटकलें लगाईं, लेकिन पुलिस ने प्रथम दृष्टया सड़क हादसे की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, नीतीश दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई नितिन यादव ने बरदह थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
बदलापुर प्रतिनिधि के अनुसार सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रजनीपुर,मिश्रौली NH 731 पर कार ने दो बाईकों को मारी टक्कर जिसमें 1 महिला की मौत हो गई,तीन गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के मुताबिक महराजगंज थाना क्षेत्र के दऊदहा गांव निवासी रीता पाल की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि छोटू पाल एवं बदलापुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी अमन पाल एवं सरिता पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। वही घटना की सूचना मिलते ही तत्काल सिंगरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और बेहतर उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया,वही सिंगरामऊ पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

