जौनपुर। नगर के चहारसू चौराहा स्थित शक्तिपीठ मां शीतला चौरा माता मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित 49वां वार्षिक श्रृंगार महोत्सव रविवार की रात को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित पारंपरिक विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण किया।
महोत्सव की शुरुआत विधिवत पूजन-अर्चन और माता के भव्य श्रृंगार के साथ हुई। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व सांसद धनंजय सिंह तथा विशिष्ट एमएलसी बृजेश सिंह (प्रिंसू) सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। इस मौके पर धनंजय सिंह ने आयोजको को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम से सनातन धर्म को बढ़ावा मिलता है और लोगों में धर्म के प्रति आस्था बढ़ती है।
जागरण कार्यक्रम में बनारस से आए हुए गायक डॉ अमलेश शुक्ला ने - चौरा मैया के दरबार में जे भी जाला, किस्मत चमक जाला.. व बम बम बोल रहा है जौनपुर वासी.. गीत पर दर्शक झूमने लगे और मनोज सोनी कोमल,सुरेंद्र मिश्रा,गायिका प्रियंका पांडेय प्रिया,रिंकी सिंह ने एक से एक गीत गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दुर्गा मैया व राम जानकी की अद्भुत झांकी देख दर्शक भाव- विभोर हो गए।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देखकर सम्मानित किया और आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह महोत्सव वर्षों से क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रतीक बना हुआ हैं। कार्यक्रम का संचालन अनिल अस्थाना ने किया।
इस अवसर पर कर्मचारी नेता निखिलेश सिंह,चौकिया के महंत विवेकानंद पंडा,शिवेंद्र सिंह,सुधीर सिंह,पम्मू सिंह,उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विवेक सिंह, मनोज सिंह वत्स,महादेव सेना के विमल सिंह,शशांक सिंह रानू, सुशील चौधरी, मनीष सोनी सहित कई धार्मिक संगठनों व संस्था के पदाधिकारी लोग उपस्थित रहे।






