Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : चौथे प्रयास में मिली सफलता, तारिक समद बने असिस्टेंट कमिश्नर

इंडियन आई विटनेस 

जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के गुलरा गांव निवासी तारिक समद ने चौथे प्रयास में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 में असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) पद पर हुआ है। चयन सूची में उन्हें 111वीं रैंक प्राप्त हुई है।

तारिक समद के पिता अब्दुल समद और माता अजीजा ने बेटे की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। तारिक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ से पूरी की। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई लखनऊ में करने के बाद उन्होंने दिल्ली से स्नातक की शिक्षा ग्रहण की। स्पष्ट लक्ष्य और अनुशासित दिनचर्या के साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को निरंतर जारी रखा।

तारिक समद का कहना है कि “परिश्रम के बिना सफलता मुमकिन नहीं है। मेहनत और लगन से प्रत्येक दिन कम से कम आठ घंटे अध्ययन करना चाहिए। असफलता अंत नहीं, बल्कि सीखने का अवसर होती है।” उन्होंने बताया कि पहले तीन प्रयासों में अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने धैर्य बनाए रखा और अपनी कमजोरियों का विश्लेषण कर तैयारी की रणनीति में आवश्यक बदलाव किए।

गुलरा सहित पूरे खुटहन क्षेत्र में उनकी सफलता से उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया है।



Tags