शाहगंज, जौनपुर। क्षेत्र के बड़ागांव स्थित मां शांति हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद हुई विवाहिता की मौत पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा किया, जिसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच कर किसी तरह से लोगों को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार दिपाईपुर गांव निवासी यशपाल की पत्नी रेखा देवी बच्चेदानी के ऑपरेशन के लिए बड़ा गांव स्थित मां शांति अस्पताल में भर्ती हुई थीं। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे चिकित्सक ने ऑपरेशन किया। जिसके बाद रेखा देवी की तबीयत बिगड़ने लगी।परिजनों का आरोप है कि तबीयत बिगड़ने के बावजूद अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। कर्मचारी ने फोन पर चिकित्सक से संपर्क करने के बाद इंजेक्शन लगाया। जिसके बाद रात करीब 3 बजे विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि चिकित्सक द्वारा कराई गई जांच की रिपोर्ट आने से पहले ही ऑपरेशन कर दिया गया।
अस्पताल में हंगामा की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान समेत सर्किल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी श्री चौहान ने परिजनों को शांत कराते हुए कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतका के देवर ने चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा रहा।


