Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : रामनवमी पर खेतासराय में निकली भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के नारों से गूंजा नगर

खेतासराय, जौनपुर। रामनवमी के अवसर पर नगर में गुरुवार की शाम हिन्दू युवा वाहिनी के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में धर्मप्रेमियों का भारी जनसमूह उमड़ पड़ा और पूरा नगर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात ज्योतिषाचार्य डॉ. अवनीश सिंह बघेल (गुरुजी) मौजूद रहे, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

शोभायात्रा का शुभारंभ नगर के गोलाबाजार स्थित पावर हाउस परिसर से हुआ। कथा वाचक सुधीर मिश्रा ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कराया। इसके बाद शोभायात्रा गोलाबाजार से निकलकर मुख्य मार्ग, चौराहा, पंजाब नेशनल बैंक, दुर्गा मंदिर, पुरानी बाजार, संकटमोचन मंदिर, काली मंदिर और डोभी मोड़ होते हुए पुनः गोलाबाजार पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा में भगवान श्रीराम का भव्य रथ आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा हनुमान, रानी लक्ष्मीबाई, छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही।

नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। महिलाओं ने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर श्रद्धा प्रकट की, वहीं कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने जलपान की व्यवस्था कर भगवान श्रीराम की आरती उतारी। मुख्य चौराहे पर कलाकारों द्वारा भगवान शिव और श्रीराम की आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो उठे।

समापन के दौरान विभिन्न झांकियों में शामिल कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन सतर्क रहा और जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

इस अवसर पर जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय, डॉ. अमलेंद्र गुप्ता, शांतिभूषण मिश्रा, संजय विश्वकर्मा, धर्मचंद्र गुप्ता, विक्की गुप्ता, गजेंद्र पांडेय, आर्यन सोनी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में आयोजक मनीष कुमार गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags