Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : सऊदी अरब में काम के दौरान सीढ़ी से गिरकर युवक की मौत

जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के बरंगी गांव निवासी एक युवक की सऊदी अरब में काम के दौरान हादसे में मौत हो गई। सीढ़ी से गिरकर हुई इस घटना की खबर गुरुवार देर शाम जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल हो गया।

बरंगी गांव निवासी मो. हारिश (24) पुत्र मुशीर अहमद करीब तीन वर्ष पहले रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब गया था। वह रियाज शहर स्थित सनय्या जदीद कंपनी में बिजली टेक्नीशियन के रूप में कार्य कर रहा था। बताया जाता है कि गुरुवार की शाम वह दीवार पर लगे पंखे की जाली से पानी टपकने की समस्या को ठीक करने के लिए सीढ़ी लगाकर सिलिकॉन भर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीढ़ी से फर्श पर गिर पड़ा।

गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और अधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। इससे पहले उसके एक भाई की भी मौत हो चुकी है। परिवार में दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है। 

घटना की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया। मां शगुफ्ता बेटे की मौत की खबर सुनकर बदहवास हो गईं, जबकि पिता मुशीर अहमद भी गहरे सदमे में हैं। परिजन विदेश से शव को गांव लाने के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। युवक की असमय मौत से बरंगी गांव में शोक का माहौल है।

Tags