शाहगंज, जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती ने प्रेमी से विवाह की जिद पर मंगलवार दोपहर एक लाख 32 हजार हाइटेंशन पोल पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर प्रेमिका को नीचे उतारा।
पुलिस युवती को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ करती रही। उक्त गांव निवासी 19 वर्षीया युवती का आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थानांतर्गत नंदाव गांव निवासी युवक से काफी समय से प्रेम प्रपंच चल रहा था। मामले की जानकारी होने पर तीन महीने पूर्व युवती के परिजनों ने इसका विरोध किया तो युवती आशिक संग फरार हो गई। पुलिस ने जनवरी महीने में प्रेमी युगल को बरामद किया। युवती के परिजनों की तहरीर पर प्रेमी पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया। कुछ समय बाद जेल से जमानत पर छूटकर आने की खबर लगने पर युवती पुनः प्रेमी संग विवाह रचाने की जिद पर अड़ गई। परिजनों द्वारा दोनों के अलग समुदाय से होने का हवाला देकर विरोध करने से नाराज प्रेमिका बगल के गांव जनपद की सीमा से सटे आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थानांतर्गत बैरकडीह गांव स्थित हाइटेंशन विद्युत पोल पर चढ़कर प्रेमी से शादी कराने की जिद पर अड़ी रही।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक केके सिंह पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां काफी प्रयास के बाद युवती को समझा बुझाकर शान्त कराते हुए नीचे उतारा। नीचे आने पर पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची जहां उससे पूछताछ में जुटी रही।


