Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : संसद में गूंजी प्रजापति समाज को एससी में शामिल करने की मांग

👉सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने संसद में उठाया प्रजापति समाज का मुद्दा

जौनपुर। जौनपुर सदर से सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को लोकसभा में प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने की मांग उठाकर अपने चुनावी वादे को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। संसद में यह मुद्दा उठने के बाद जनपद सहित प्रदेश के प्रजापति समाज में खुशी का माहौल है। समाज के लोगों ने इसे अपने अधिकारों और सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने लोकसभा में कहा कि प्रजापति समाज लंबे समय से सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है, इसलिए इसे अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव के दौरान प्रजापति समाज से किए गए वादे के अनुरूप उन्होंने संसद में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया है।

प्रजापति महासभा जौनपुर (उत्तर प्रदेश) के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति एडवोकेट को दिए गए आश्वासन के अनुसार सांसद ने इस विषय को संसद में रखने की बात कही थी। उनके इस कदम से समाज के लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है।

सांसद ने कहा कि समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए वह हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे। प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति में शामिल कराने के लिए संसद के साथ-साथ अन्य मंचों पर भी प्रयास जारी रहेंगे।

उधर, प्रजापति समाज के लोगों ने सांसद के इस प्रयास का स्वागत करते हुए कहा कि इससे समाज की वर्षों पुरानी मांग को मजबूती मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर समाज को न्याय देने का काम करेगी।



Tags