Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : सेंवई नाले में डूबे युवक का दूसरे दिन मिला शव, मचा कोहराम

मृतक (फाइल फोटो)

खुटहन (जौनपुर)। शेरापट्टी गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे से पूरे  गांव में मातम पसर गया। दोस्तों के साथ नहाने गया 24 वर्षीय दीपू यादव सेंवईं नाले के चेकडैम के पास तेज बहाव में डूब गया। नाले में पानी की आपूर्ति बंद कराने के बाद गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से लगभग 18 घंटे बाद उसका शव घटनास्थल से लगभग डेढ़ किमी दूर ओइना गांव के बंधे के पास मिला। घर के इकलौते पुत्र का शव देख स्वजनों में कोहराम मच गया।

लोरिक यादव का 24 वर्षीय पुत्र दीपू घर से करीब एक किलोमीटर दूर चार दोस्तों के साथ नहाने गया था। चेकडैम के पास तेज बहाव के चलते वह गहरे पानी में चला गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह लहरों में ओझल हो गया।

मृत दीपू प्रयागराज में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह परिवार का इकलौता पुत्र था और उसी के सहारे घर के बेहतर भविष्य के सपने देखे जा रहे थे। उसकी इस असमय घटना ने परिवार के सभी अरमानों को एक झटके में तोड़ दिया। बेटे का शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां रीता देवी बेसुध होकर बार-बार बेटे का नाम पुकारती रहीं। पिता लोरिक यादव की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। तीनों बहनों में शकुन्तला और साधना विवाहित हैं। वे अपनी ससुराल में है। 16 वर्षीय छोटी बहन मोनिका का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी रही और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया। गांव में सन्नाटा पसरा है और हर आंख नम है। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि शव को पीएम हेतु भेज दिया गया है।



Tags