![]() |
| नंदिता सिंह |
बदलापुर, जौनपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद जौनपुर के बदलापुर क्षेत्र से एक गर्व की खबर सामने आई है। सल्तनत बहादुर महाविद्यालय, बदलापुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई-3 की छात्रा नंदिता सिंह ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।
हकारपुर निवासी सुधीर कुमार सिंह की पुत्री नंदिता ने आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित “योगा प्राइड फोटोग्राफी प्रतियोगिता” में प्रतिभाग किया था। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत में पहला स्थान हासिल किया।
नंदिता की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि महाविद्यालय और पूरे प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। उनकी सफलता पर भारत सरकार द्वारा एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं क्षेत्र के लोगों ने नंदिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





