मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर। औद्योगिक क्षेत्र सतहरिया में रविवार को मौर्य समाज मुंगरा बादशाहपुर के तत्वावधान में सम्राट अशोक महान जयंती एवं सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही, जहां सभी ने अहिंसा, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा, सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सम्राट अशोक, डॉ. भीमराव अंबेडकर, ज्योतिबा फुले और गौतम बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुरुष एवं महिला प्रधानों को अशोक स्तंभ स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि सम्राट अशोक का विचार जाति-धर्म से ऊपर मानवता पर आधारित था।
उन्होंने करुणा, सहिष्णुता और सभी के संरक्षण का मार्ग दिखाया, जिसे अपनाकर समाज में बंधुत्व और समानता को मजबूत किया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि एडवोकेट सीमा समृद्धि कुशवाहा ने कहा कि अशोक जयंती का व्यापक आयोजन अब शुरू हुआ है। मौर्य वंश किसी एक समाज की नहीं, बल्कि पूरे भारत की साझा विरासत है। उन्होंने महिलाओं से सावित्रीबाई फुले और ज्योतिबा फुले के विचारों को अपनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने समाज से नफरत छोड़कर शांति और करुणा का मार्ग अपनाने की अपील की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की सरकार बनने पर प्रदेश में सम्राट अशोक की प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजनीतिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए पिछड़े और दलित समाज को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लालता प्रसाद मौर्य ने की, जबकि संचालन राजीव रतन मौर्य ने किया। अंत में अध्यक्ष अच्छेलाल मौर्य ने सभी अतिथियों को माल्यार्पण एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रमोद मौर्य, सुनील मौर्य, रमाकांत, ओमप्रकाश, रितेश मौर्य, संदीप मौर्य, अंकित, विवेक, योगेश, शत्रुघ्न, विशाल, प्रशांत, मानसिंह मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


