जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र में पिछले लगभग एक सप्ताह से गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। सुबह से लेकर शाम तक सैकड़ों लोग सिलेंडर पाने की उम्मीद में लंबी कतारों में खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं।
शुक्रवार को रिमझिम बारिश भी लोगों के हौसले को डिगा नहीं पाई। खराब मौसम के बावजूद लोग लाइन में डटे रहे। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और सभी को कतारबद्ध रहने की सलाह देता रहा।
इस किल्लत का असर क्षेत्र के ढाबों और रेस्टोरेंट पर भी दिख रहा है। सिलेंडर न मिलने के कारण अब वे लकड़ी से खाना बनाने को मजबूर हैं। प्रेम का पूरा गांव में आयोजित नवरात्रि कथा के संयोजक धीरज दुबे ने बताया कि प्रतिदिन दर्जनों लोगों के लिए फलाहार और भोजन की व्यवस्था करनी है, लेकिन सिलेंडर न होने से समस्या आ रही है।
मछलीशहर पड़ाव स्थित बाबा ढाबा के मालिक ने बताया कि सिलेंडर न मिलने के कारण उन्हें लकड़ी पर खाना बनाना पड़ रहा है। हालांकि, खराब मौसम के चलते लकड़ी से भी खाना बनाना आसान नहीं है। फरीदाबाद ग्रामीण इंडेन गैस एजेंसी के मालिक प्रभाकर तिवारी ने बताया कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, लेकिन बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं कि सभी को क्रम से सिलेंडर मिल सके, इसके लिए वितरण लाइन में ही किया जा रहा है।




