शाहगंज, जौनपुर। क्षेत्र के बड़ागांव स्थित रौज़े पर जियारत करने आई एक 35 वर्षीया महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपित उसे कार से लाकर नगर के रेलवे क्रॉसिंग के पास बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। देर रात राहगीरों की नजर पड़ने पर महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार महिला सरपतहां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह गुरुवार को बड़ागांव स्थित रौज़े पर जियारत करने आई थी। आरोप है कि देर शाम उसके साथ आए एक युवक और उसके दो अन्य साथियों ने उसे पास की झाड़ियों में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए। घटना के बाद आरोपित महिला को कार से लाकर नगर के रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। रात करीब दस बजे वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने महिला को अचेत अवस्था में देखा तो तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि महिला से पूछताछ जारी है, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

