![]() |
| गिरफ्तार अभियुक्तगण |
जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सरायपड़री में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चन्द्र तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना महराजगंज व थाना सुजानगंज की संयुक्त पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
ग्राम सरायपड़री निवासी अनुज मिश्रा पुत्र रामकुमार मिश्रा की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने के मामले में थाना सुजानगंज पर सम्बन्धित विभिन्न धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
शनिवार को पुलिस टीम भोगीपुर कठार के पास प्रतापगढ़ बॉर्डर पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो बदमाश मोटरसाइकिल से भाग रहे हैं। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों अलग-अलग दिशाओं में भागे।
पीछा करने पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग की गई, जिससे एक आरोपी घायल हो गया। दोनों अभियुक्तों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रतीक दूबे उर्फ अनुज पुत्र रामप्रकाश दूबे उर्फ मुन्ना दूबे, निवासी ग्राम बिझवट थाना महराजगंज जनपद जौनपुर
विनय दूबे पुत्र स्व. गोपाल दूबे, निवासी ग्राम बिझवट थाना महराजगंज जनपद जौनपुर हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस .32 बोर, एक खोखा कारतूस .32 बोर, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा मोटरसाइकिल टीवीएस अपाची बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों सचिन पाठक उर्फ गब्बर, विकास यादव तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर 20 मार्च को सरायपड़री क्षेत्र में शराब के नशे में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी।
घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष महराजगंज तरुण श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष सुजानगंज फूलचन्द्र पाण्डेय, हे0का0 ओमप्रकाश मिश्रा, का0 विकास कुमार, हे0का0 अश्वनी पाण्डेय, का0 सुदीप सिंह व का0 संजीव यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


