जौनपुर। जनपद में एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध का एक अनोखा और चर्चा में आने वाला तरीका देखने को मिला। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव उषा जायसवाल के नेतृत्व में महिलाओं ने नाली में पाइप डालकर गैस से चाय बनाने का प्रयास किया और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि “नाली से गैस बनाने” के दावे को आजमाया गया, लेकिन यह पूरी तरह असफल साबित हुआ। उन्होंने इसे हकीकत से दूर बताते हुए आरोप लगाया कि आम जनता को गुमराह किया गया है।
उषा जायसवाल ने कहा कि आज देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की रसोई पर सीधा असर डाला है। गरीब और मध्यम वर्ग के लिए खाना बनाना मुश्किल होता जा रहा है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गैस की कीमतों में राहत नहीं दी जाती और आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक समाजवादी महिला सभा का यह सांकेतिक विरोध जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में पूनम यादव, पिंकी गुप्ता, सुशील यादव, मालती निषाद, शिल्पा जायसवाल, प्रीति जायसवाल, चंदा निषाद और पूनम निषाद समेत कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।



