जौनपुर। तिलकधारी महाविद्यालय (टीडी कॉलेज) के बीएससी पांचवें सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणामों में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से घोर लापरवाही और अनियमितता बरती गई है।
मार्किंग सिस्टम पर खड़े किए सवाल
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद उन्हें बहुत ही कम और अजीबोगरीब अंक दिए गए हैं। छात्रों ने मार्कशीट का हवाला देते हुए कहा कि कई विद्यार्थियों को 0, 5, 3, 1, या 5 जैसे अंक प्राप्त हुए हैं, जो किसी भी स्थिति में तार्किक नहीं लगते। छात्र-छात्राओं का कहना है कि यह उनकी मेहनत के साथ खिलवाड़ है और इससे उनका शैक्षणिक भविष्य खतरे में पड़ गया है।
कुलपति कार्यालय पर जोरदार नारेबाजी
सैकड़ों की संख्या में विश्वविद्यालय पहुंचे छात्रों ने कुलपति कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। छात्रों की मांग है कि सभी उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) कराया जाए। रिजल्ट में आई तकनीकी गड़बड़ियों को तुरंत ठीक किया जाए। भविष्य में ऐसी त्रुटि न हो, इसके लिए जवाबदेही तय की जाए।
![]() |






