Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : भीमराव अंबेडकर जयंती पर सेवा भारती का नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

जौनपुर। भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सेवा भारती द्वारा एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर शहर के विभिन्न स्थान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का संचालन रिवान्स हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पवन चौरसिया के कुशल मार्गदर्शन में लाइनबाज़ार में किया गया। इस दौरान सामान्य रोगों की जांच, रक्तचाप एवं मधुमेह (शुगर) की जांच के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी नि:शुल्क प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिला सेवा प्रमुख राजीव कुमार सिंह, नगर संपर्क प्रमुख डॉ. केदार सिंह तथा सक्षम जिला सचिव विक्रांत जायसवाल ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर राजीव कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा है, और सेवा भारती उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. केदार सिंह ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ऐसे आयोजन उन लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, जो आर्थिक कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। वहीं, विक्रांत जायसवाल ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों द्वारा डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रिवान्स हॉस्पिटल की टीम ने भी इस सेवा कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।



Tags