👉तीन दिन में परिवार पर टूटा दूसरा कहर
जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के बरहूपुर गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध की जलकर मौत हो गई। घटना शॉर्ट सर्किट से मड़हे में लगी आग के कारण हुई, जिसने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया।
मृतक की पहचान भूलनराम सरोज उम्र70 के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका बायां पैर हाल ही में टूट गया था, जिससे वे चलने-फिरने में असमर्थ थे। शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह खाना खाकर मड़हे में सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य कुछ दूरी पर सोए हुए थे। इसी दौरान अचानक बिजली के शार्ट सर्किट से छप्पर में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि वृद्ध को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे जिंदा जल गए। घटना के समय बिजली का तार भी टूटकर जल रहा था, जिससे करंट फैलने का खतरा बना रहा। करंट के डर से ग्रामीण तत्काल आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। बाद में बिजली आपूर्ति खम्भे से तार काटकर बंद की गई, तब जाकर ग्रामीणों ने पंपिंग सेट के सहारे आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में तीन मड़हा जल गया मड़हे में रखा पेटी-बॉक्स समेत हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र रमेश सरोज के अनुसार, उनके पिता खाना खाने के बाद मडहे मे सो रहे थे, तभी अचानक आग लगने से यह हादसा हो गया।
तीन दिन पहले पत्नी की भी हुई थी मौत
गौरतलब है कि इस घटना से महज तीन दिन पहले, 8 अप्रैल को मृतक की पत्नी केवला देवी 68 का भी निधन हो गया था। लगातार दो पारिवारिक सदस्यों की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मृतक के तीनों पुत्र राकेश, रमेश और महेश पहले से ही मां के निधन के कारण घर पर मौजूद शोक में डूबे थे।
दूसरी घटना मड़हे में रात में पिता की जलकर मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार सुबह जौनपुर दिवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के मंत्री व पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणबहादुर यादव, एचएल यादव सुरेश यादव, राजबहादुर सहित कई लोग मौके पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
सूचना पर ग्राम प्रधान विनोद कुमार के साथ हल्का लेखपाल सुरेंद्र दत्त सुरेश यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।





