👉महिला सम्मेलन में विपक्ष पर निशाना, पुतला दहन कर जताया आक्रोश
मछलीशहर(जौनपुर )। नगर के सुशीला पैलेस में रविवार को “जन आक्रोश महिला सम्मेलन” का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेकर अपने अधिकारों के प्रति आवाज बुलंद की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी रहीं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय कुमार सिंह द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि देश का समग्र विकास महिलाओं की समान भागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को 50 प्रतिशत भागीदारी मिलना चाहिए और भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव पूजनीय माना गया है।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सीमा द्विवेदी ने महिलाओं के अधिकारों पर जोर देते हुए कहा कि अब महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने योजनाबद्ध तरीके से महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया है, लेकिन अब महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और इसका जवाब देने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने तीन तलाक कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कानून से मुस्लिम महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिला है। भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और सवाल उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में आक्रोशित महिलाओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और कांग्रेस व सपा का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।इस अवसर पर रीता पटेल, आशा मौर्या, प्रीति प्रजापति, सीमा सिंह, गीतांजलि पटवा, शशि पांडे, पूनम बिंद, अनुजा पाल सहित काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष मीना पटेल ने किया।





