जौनपुर। सिकरारा - बरईपार मार्ग पर गोदाम चौराहा पर सोमवार की देर रात चलती ट्रैक्टर पर गोंद में लेकर बैठी हुई मासूम बच्चे के साथ मां गिर पड़ीं। ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मां को इलाज हेतु वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया।
पुलिस सूत्रों की माने तो छत्तीसगढ़ निवासी आरती देवी (27) क्षेत्र में ही किसी ईट भट्ठे पर रहकर मजदूरी का काम करती है। सोमवार की देर रात वह क्षेत्र में ही किसी गांव में ईट उतारने गई थी। उसके साथ उसका पांच वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश भी था। सूत्रों की माने तो देर रात ईट उतरवाकर वह वापस भट्ठे पर ट्रैक्टर से जा रही थी कि अनियंत्रित होकर वह बच्चे सहित सड़क पर गिर पड़ी। जिससे वह ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई। राहगीरों द्वारा सूचना पाकर मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे थाना प्रभारी अखिलेश मौर्य व उप निरीक्षक कमलेश कुमार तिवारी ने दोनों घायलों को इलाज हेतु एम्बुलेंस सेवा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर भेज दिया। जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। देर रात जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायल बालक ओम प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी मां को इलाज हेतु वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया। इस संबंध में बातचीत के दौरान थाना प्रभारी अखिलेश मौर्य ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। घायल महिला छत्तीसगढ़ की है। स्वजनों को फोन से सूचित कर दिया गया है।
