Type Here to Get Search Results !

JAUNPUR NEWS : खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर, 20 लाख के जेवर व नकदी समेट ले गए

👉फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, लगातार बढ़ रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।वारदात के बाद गांव में दहशत के साथ भारी आक्रोश व्याप्त है।

पोटरिया गांव निवासी राममिलन विश्वकर्मा पुत्र कमलाकांत विश्वकर्मा के परिवार के अधिकांश सदस्य सोमवार की रात घर की छत पर सो रहे थे,जबकि वृद्ध कमला विश्वकर्मा घर के सामने सोए हुए थे। इसी दौरान देर रात चोर पीछे की खिड़की तोड़कर घर के अंदर घुस गए। घर में रखी गोदरेज की बड़ी अलमारी को उठाकर घर से बाहर ले गए और चोर अलमारी को गांव के बाहर स्थित कमरुद्दीन के खेत में ले गए, जहां उसे तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण और नकदी निकाल ली।मंगलवार सुबह खेत में टूटी पड़ी अलमारी मिलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।पीड़ित परिवार के अनुसार चोर दो सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने का झुमका, दो जोड़ी सोने की बाली, दो जोड़ी सोने का झाला, एक सोने का बाला, दो जोड़ी पायल, सात जोड़ी मीना तथा 60 हजार रुपये नकद उठा ले गए।

परिवार के मुताबिक शादी-विवाह और वर्षों की जमा पूंजी के रूप में रखे गए जेवर चोरी होने से परिवार सदमे में है। घटना की सूचना पर सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। बाद में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी है।इधर, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन हो रही चोरियों के बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

Tags