![]() |
| मृतक (फाइल फोटो) |
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर स्थानीय नगर के सरोखनपुर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 11000 केवीए की हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरोखनपुर गांव निवासी सुधीर सिंह चौहान 28 वर्ष, पुत्र त्रिभुवन सिंह चौहान, अपनी चाय-पान की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दुकान के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन बिजली का तार अचानक तेज धमाके के साथ टूटकर नीचे गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर सुधीर बाहर निकले, लेकिन तभी वे करंट की चपेट में आ गए।
बिजली का करंट इतना तेज था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और आनन-फानन में सुधीर को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक सुधीर अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और चाय-पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में चौकी इंचार्ज धनंजय राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।





